76 हजार रुपये पहुंच गई बिहार की प्रति व्यक्ति आय, यूपी में कितना कमाता है हर आदमी, किस राज्य के लोग सबसे अमीर

फाइनेंस का सीधा का नियम है कि किसी देश या राज्य की समृद्धि देखनी हो तो उसकी प्रति व्यक्ति आय पर नजर डालें. भारत की अर्थव्यवस्था भले ही दुनिया में चौथे नंबर पर पहुंच गई है, लेकिन उसकी प्रति व्यक्ति आय अभी काफी कम है. राज्यों के लिहाज से देखें तो इस मामले में बिहार जैसे राज्य आज भी काफी नीचे आते हैं. हालांकि, इस राज्य में प्रति व्यक्ति आय लगातार बढ़ रही है और अब 76 हजार रुपये सालाना पहुंच चुकी है. बिहार के वित्तमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है और राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है.
उन्होंने कहा कि बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 13.1 फीसदी है, जो राष्ट्रीय दर 7.3 फीसदी से काफी अधिक है. इसके अलावा राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो 69 हजार रुपये से बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है. राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के उद्देश्य से पूर्व मुख्य सचिव नवीन कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसे 6 महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपनी है. आर्थिक नीति के तहत सरकार ने शुरुआती 10 वर्षों में बिजली और सड़क अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया. अब सरकार का जोर औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन पर है, ताकि राज्य के लोगों की आय में तेजी से वृद्धि हो सके
कितनी है बिहार की जीडीपी
वित्तमंत्री ने बताया कि 2024–25 के लिए नवीनतम त्वरित अनुमान के अनुसार बिहार का राज्य सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) स्थिर मूल्य (2011–12) पर 8.6 फीसदी और वर्तमान मूल्य पर 13.1 फीसदी की दर से बढ़ा है. इस दौरान जीएसडीपी का आकार स्थिर मूल्य पर 5.31 लाख करोड़ रुपये और वर्तमान मूल्य पर 9.92 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है. प्रति व्यक्ति जीएसडीपी 2020–21 के 46,412 रुपये से बढ़कर 2024–25 में 76,490 रुपये हो गया है, जबकि स्थिर मूल्य पर यह 30,159 रुपये से बढ़कर 40,973 रुपये हो गया है. 2020–21 में राज्य सरकार का कुल खर्च 1.66 लाख करोड़ था, जो 2024–25 में बढ़कर 2.82 लाख करोड़ हो गया है.
यूपी में कितनी है प्रति व्यक्ति आय
जनसंख्या के लिहाज से यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है. बावजूद इसके यहां की प्रति व्यक्ति आय बिहार के मुकाबले डेढ़ गुना से अधिक है. यूपी प्रति व्यक्ति आय 2024-25 में 1 से लेकर 1.50 लाख रुपये तक रही. इससे ज्यादा आंध्र प्रदेश की 2.6 लाख, पंजाब की 2.2 लाख और उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय करीब 3 लाख रुपये है. आपको लग रहा होगा कि देश में सबसे ज्यादा प्रति व्यक्ति आय तो गुजरात की होगी, लेकिन ऐसा नहीं है और यहां भी प्रति व्यक्ति आय फिलहाल 2.5 लाख से 3 लाख रुपये के बीच ही है.
किस राज्य में सबसे अमीर लोग
अगर देश में प्रति व्यक्ति आय की बात करें तो वित्तवर्ष 2024-25 में यह 2 लाख से लेकर 2.35 लाख रुपये तक थी. हालांकि, कर्ठ राज्यों में यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से भी कहीं ज्यादा रही है. सबसे अमीर राज्य की बात करें तो सिक्किम इसमें सबसे ऊपर आता है. यहां प्रति व्यक्ति आय 5.87 लाख रुपये के आसपास है. राज्य की कमाई का मुख्य जरिया पर्यटन और हाइड्रोपॉवर है. हालांकि, यहां की जनसंख्या काफी कम है, जिससे प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हुआ है.



