राहुल के बयान पर संसद में हंगामा, पूर्व आर्मी चीफ की किताब का जिक्र करने पर शाह और राजनाथ ने जताई आपत्ति

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण के बाद आज एक नया विवाद खड़ा हो गया है. राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आत्मकथा में भारत‑चीन तनाव से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का ज़िक्र है, लेकिन सरकार उस किताब को प्रकाशित नहीं होने दे रही है.
नई दिल्ली:
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान डोकलाम पर आर्मी चीफ नरवाणे की कितना का जिक्र करते हुए बोलना शुरू किया, तो सदन में हंगामा हो गया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खड़े हुए और राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई. राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी जिस किताब का जिक्र कर रहे हैं, वो प्रकाशित ही नहीं हुई है. इस पर राहुल गांधी ने कहा कि ये लोग उस किताब को प्रकाशित ही नहीं होने दे रहे हैं. इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने खुद ही यह साबित कर दिया कि वो किताब प्रकाशित ही नहीं हुई है. ऐसे में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी को नियम बताया कि वो क्यों नहीं किताब का जिक्र कर सकते हैं.
राहुल गांधी ने क्या कहा कि हो गया हंगामा?
राहुल गांधी ने भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया और कहा कि उनकी पार्टी इसका जवाब देगी. इसके बाद राहुल गांधी ने डोकलाम से जुड़े मुद्दे पर पूर्व थल सेनाध्यक्ष मनोज नरवणे की एक किताब का हवाला देते हुए बोलना शुरू किया. राहुल गांधी ने कहा कि किताब में जिक्र है कि चीनी टैंक डोकलाम के समय भारतीय पोस्ट से कुछ 100 मीटर तक पास आ गए थे.



