गोंडा से सऊदी अरब कमाने गए युवक की भारत लौटाने की गुहार, प्रताड़ना का आरोप

*वीडियो संदेश के जरिए परिजनों से सुनाई आपबीती, मचा कोहराम*
*पीड़ित युवक ने कहा—अगर 7 फरवरी तक भारत नहीं बुलाया गया तो आत्महत्या कर लूंगा*
*गोंडा*
गोंडा जनपद के रोज़गार के लिए सऊदी अरब गए गोंडा जिले के एक युवक ने वहां कथित प्रताड़ना से तंग आकर भारत वापस बुलाए जाने की गुहार लगाई है। युवक ने परिजनों को वीडियो संदेश भेजकर अपनी आपबीती सुनाई, साफ शब्दों में कहा कि यदि 7 फरवरी तक उसे भारत नहीं बुलाया गया, तो वह आत्महत्या कर लेगा। युवक का आरोप है कि सऊदी अरब में उससे जबरन अमानवीय श्रम कराया जा रहा है। इससे परिवार में कोहराम मच गया है। पीड़ित युवक की मां ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नलगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते उसके बेटे को सकुशल भारत वापस बुलाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि कर्नलगंज क्षेत्र के बम्पुलुस निवासी समीर पुत्र शरीफ़ को रोज़गार दिलाने के नाम पर सऊदी अरब भेजा गया था। आरोप है कि वहां उससे तय काम के बजाय जबरन बेहद कठिन और भारी काम कराया जा रहा है। युवक ने वीडियो संदेश में दावा किया कि उससे ऊंट चरवाने और 30 से 40 किलो तक वजन उठाने जैसे कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे वह शारीरिक और मानसिक रूप से टूट चुका है।
पीड़ित युवक ने भावुक होकर परिजनों को बताया कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और यदि जल्द भारत वापस नहीं बुलाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। उसने 7 फरवरी तक भारत बुलाए जाने की बात कहते हुए मदद की अपील की है। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। युवक की मां ने कर्नलगंज कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी है। तहरीर में निंदूरा निवासी बबलू खान पर आरोप लगाया गया है कि उसने डेढ़ लाख रुपये लेकर युवक को सऊदी अरब भेजा और अब न तो कोई मदद कर रहा है, न ही संपर्क में है। परिजनों का कहना है कि दलाल के झांसे में आकर उनका बेटा विदेश गया और अब वहां फंसा हुआ है। परिवार ने प्रशासन से युवक को सुरक्षित भारत वापस लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है,तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।



