जिलाबदर सपा नेता अर्जुन बाबा के पिता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

*पुत्र वियोग में बुजुर्ग पिता ने तोड़ा दम, राजनीतिक विद्वेष पर उठे सवाल*
*गोंडा*
गोंडा जिले के विधानसभा कटरा बाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वीरपुर कटरा के पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी, समाजवादी पार्टी नेता अर्जुन गोस्वामी उर्फ अर्जुन बाबा के 98 वर्षीय पिता का रविवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अपने पुत्र से बिछड़ने के गहरे सदमे में थे। बुजुर्ग पिता की यह मृत्यु क्षेत्र में चर्चा और शोक का विषय बनी हुई है।
परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार, अर्जुन गोस्वामी को लगभग दो माह पूर्व राजनीतिक पूर्वाग्रह और सत्ता पक्ष के दबाव में गुंडा एक्ट व जिलाबदर की कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें जनपद से बाहर रहना पड़ रहा था। इसी दौरान उनके वृद्ध पिता की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। वह अपने पुत्र से मिलने की इच्छा रखते थे और दिन-रात उसी वियोग में व्याकुल रहते थे। बताया जाता है कि पुत्र से मिलने की अंतिम इच्छा अधूरी रह गई और इसी गहरे मानसिक आघात के चलते 98 वर्षीय पिता ने दम तोड़ दिया। इस घटना को क्षेत्र के लोग अत्यंत हृदयविदारक बता रहे हैं। पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मसूद आलम खान, सपा नेता वकार अहमद, परसा गोड़री के पूर्व प्रधान नंदकिशोर ओझा सहित कई राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने इसे मानवीय दृष्टि से अत्यंत पीड़ादायक घटना बताते हुए कहा कि राजनीतिक द्वेष के कारण पिता-पुत्र को अलग करना समाज के लिए शर्मनाक है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने अर्जुन गोस्वामी उर्फ अर्जुन बाबा पर लगाए गए जिलाबदर आदेश को फर्जी बताते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयों से न केवल एक परिवार टूटता है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी जाता है। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग इसे राजनीति से ऊपर उठकर मानवता के नजरिए से देखने की अपील कर रहे हैं।



