विकसित भारत और नए भारत का बजट, देश भर में बीजेपी चलाएगी बजट पर जनसंपर्क अभियान

इस जनसंपर्क अभियान की निगरानी के लिए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है. समिति में श्रीकांत शर्मा, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, गुरु प्रकाश पासवान, देवेश कुमार, जीवीएल नरसिम्हाराव, सरोज पांडेय आदि नेताओं को शामिल किया गया है.
नई दिल्ली:
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार एक फरवरी को सुबह ग्यारह बजे बजट पेश करेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट सत्र के अवसर पर अपने संबोधन में उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जिक्र किया है कि लगातार नौवीं बार बजट पेश करने वाली वे देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं. उनके बजट की मुख्य बातों को बीजेपी ने देश भर में लोगों के बीच ले जाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है. यह व्यापक जनसंपर्क अभियान पूरे देश में दो सप्ताह के लिए एक फरवरी से पंद्रह फरवरी तक चलाया जाएगा.



