हत्याकांड के गवाह के मर्डर की कर ली थी पूरी प्लानिंग, पुलिस ने पकड़ा, जेल में बंद…

बेगूसराय में पुलिस ने हत्याकांड का साक्ष्य छुपाने के लिए एक और हत्या की प्लानिंग का उद्भेदन कर घटना से पहले ही सुपारी किलर को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 22 कारतूस, चार मोबाइल और एक बाइक भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी बदमाश एक हत्याकांड के गवाह की हत्या करने की फ़िराक में थे लेकिन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि जेल से मुन्ना सिंह हत्याकांड के गवाह की हत्या की साजिश रची जा रही थी। इस बात की सूचना STF को मिली जिसके बाद जिला पुलिस और STF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि जेल में बंद कुख्यात सूरज व विमलेश उर्फ़ अमलेश मुन्ना सिंह हत्याकांड के गवाह की हत्या करवाने की फ़िराक में थे। इसके लिए उन्होंने पांच सुपारी किलर को सुपारी भी दे दी थी। वे लोग कोर्ट परिसर के आसपास हत्या करने का प्लान बना रहे थे लेकिन उससे पहले ही STF को सूचना मिल गई।
डीएसपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सिंघौल थाना क्षेत्र के मचहा निवासी निगम कुमार को गिरफ्तार किया जिसने पूछताछ के दौरान मामले को स्वीकार कर लिया और बताया कि वह जेल में बंद कुख्यात के संपर्क में था। उसने रामदिरी के दबंग मुखिया मुन्ना सिंह के हत्या के गवाह की हत्या के लिए पांच लाख रूपये में सुपारी लिया था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ साजिश रचते हुए रेकी में लगा हुआ था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हरहरमहादेव चौक के समीप से उलाव निवासी प्रीतम कुमार को एक लोडेड देशी कट्टा और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।



