चीन में गूंज उठा वंदे मातरम, गणतंत्र दिवस पर बीजिंग में फहरा तिरंगा तो शंघाई में एक साथ आए 400 लोग

Republic Day 2026: चीन की राजधानी बीजिंग में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने तिरंगा झंडा फहराया तो वहां की की वाणिज्यिक राजधानी शंघाई में महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने गणतंत्र दिवस समारोह को लीड किया.
चीन में भारत के राजनयिक मिशनों ने सोमवार को भारतीय प्रवासियों के साथ मिलकर 77वां गणतंत्र दिवस मनाया. बीजिंग में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने तिरंगा झंडा फहराया और राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के अंश पढ़े. वहीं शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने तिरंगा फहराया. X पर वाणिज्य दूतावास की एक पोस्ट में कहा गया है कि इस प्रोग्राम में वहां रहने वाले भारतीय प्रवासी, चीनी समुदाय के लोग और राजनयिक- कांसुलर कोर के 400 से अधिक भारत के दोस्तों ने भाग लिया. इसमें यूरोपियन यूनियन और अन्य पार्टनर देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 महावाणिज्य दूत भी शामिल थे.
बीजिंग
बीजिंग चीन की राजधानी है और यहां भारत का दूतावास मौजूद हैं. यहां भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने तिरंगा झंडा फहराया. भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, यहां वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे समारोह में गूंजते रहे. हर किसी ने गर्व और एकता की भावना के साथ राष्ट्रीय गीत गया. यहां प्रदर्शनी में वंदे मातरम के इतिहास को दिखाया गया था, जिसमें भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्र को एकजुट करने में इसकी शक्तिशाली भूमिका पर प्रकाश डाला गया.



