LIC में खूनी साजिश उजागर! महिला मैनेजर ने क्लेम गड़बड़ियां पकड़ीं, तो सहकर्मी ने पेट्रोल से नहलाकर मार डाला, पुलिस ने मर्डर करार दिया

मदुरै के LIC दफ्तर में दिसंबर में आग में हुई वरिष्ठ अधिकारी कल्याणी नाम्बी (54) की मौत को तमिलनाडु पुलिस ने हादसा नहीं, हत्या बताया है. पुलिस ने सहकर्मी टी. राम को गिरफ्तार किया, जिसने अनियमितताओं को उजागर करने से रोकने के लिए कथित तौर पर पेट्रोल डालकर उन्हें आग लगा दी. बेटे की शिकायत और केबिन बाहर से बंद मिलने पर मामला संदिग्ध पाया गया.
तमिलनाडु पुलिस ने मदुरै के LIC कार्यालय में दिसंबर में लगी आग में वरिष्ठ महिला अधिकारी की मौत के मामले को हत्या करार दिया है. पुलिस ने मृतक अधिकारी कल्याणी नाम्बी (54) को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में उनके ही सहकर्मी टी. राम को गिरफ्तार किया है. शुरुआत में इस घटना को एसी शॉर्ट-सर्किट से हुआ हादसा माना गया था.
पेट्रोल डालकर केबिन में लगाई आग
जांच में खुलासा हुआ कि राम ने कल्याणी नाम्बी के केबिन में पेट्रोल उड़ेला और आग लगा दी. पुलिस के मुताबिक, अधिकारी ने बीमा दावों के निपटान में गड़बड़ियों को उजागर किया था और राम के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करने वाली थीं. इसी बात को लेकर आरोपी ने यह कदम उठाया. कल्याणी नाम्बी हाल ही में तिरुनेलवेली से मदुरै ट्रांसफर होकर आई थीं.



