नितिन नबीन का विपक्ष पर हमला: “370 हटने के बाद कश्मीर में शांति और विकास का नया दौर”

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश ने वह दौर भी देखा है जब कश्मीर में खुलेआम पाकिस्तान के झंडे लहराए जाते थे और उस समय दिल्ली की सरकार चुप्पी साधे बैठी रहती थी। उन्होंने कहा कि यह वही समय था जब देश की सुरक्षा और अखंडता के सवालों पर राजनीतिक इच्छाशक्ति कमजोर नजर आती थी।
नितिन नबीन ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद कश्मीर की फिज़ा पूरी तरह बदल चुकी है। आज घाटी में हालात पहले से कहीं ज्यादा शांत हैं, विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं और आम लोगों का भरोसा देश की मुख्यधारा से और मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब कश्मीर में निवेश बढ़ रहा है, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं और पर्यटन में भी लगातार इज़ाफा हो रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने कश्मीर को लेकर जो फैसले लिए, उनका मकसद राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रीय हित और वहां के लोगों का भविष्य सुरक्षित करना था। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह तुष्टिकरण की राजनीति के चलते लंबे समय तक सख्त फैसले लेने से बचता रहा।



