गणतंत्र दिवस परेड में लद्दाख के ऊंट के साथ बाज भी आएंगे नजर, दिखेगा सेना का पराक्रम और शौर्य l

इस बार गणतंत्र दिवस परेड में शौर्य और शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन होगा। पूर्वाभ्यास में लद्दाख के डबल-हंप ऊंट और जवानों के हाथों पर बाज पहली बार दिखे। ब्रह्मोस, आकाश मिसाइलें और आधुनिक टैंक भी शामिल होंगे। ये ऊंट -40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान सह सकते हैं, जो सेना की ताकत दर्शाते हैं। मोटरसाइकिल पर महिला जवानों के हैरतअंगेज कारनामे भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
ध्रुव कुमार, नई दिल्ली। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में शौर्य व शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिलेगा। शनिवार को इसका पूर्वाभ्यास किया गया।
इसमें पूर्व में हुए परेड से कई चीजें अलग भी नजर आईं। इसमें लद्दाख के ऊंट और सैन्यकर्मियों के हाथों पर बाज भी शामिल हैं।
इस बार परेड में ब्रह्मोस, आकाश मिसाइल, आधुनिक टैंक देखने को मिलेंगे। इसके साथ परेड में लद्दाख के डबल-हंप (दो कूबड़ वाले) बैक्ट्रियन ऊंट पहली बार शामिल किया गया हैं, जो भारतीय सेना के पशु दस्ते का हिस्सा हैं और अत्यंत ठंड व दुर्गम इलाकों में सेना के लिए रसद और गश्त में अहम भूमिका निभाते हैं।
ये ऊंट अपनी सहनशक्ति के लिए जाने जाते हैं, जो -40 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान सह सकते हैं और कर्तव्य पथ पर मार्च करते हुए भारत की भौगोलिक विविधता और सेना की ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
पहली बार हाथों पर बाज को लेकर मार्च करते जवान नजर आएंगे। डाग स्क्वायड दस्ता भी दिखाई देगा।
कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के लिए मोटरसाइकिल पर पूर्वाभ्यास करती महिला जवान जिसे देखकर दर्शकों ने दांतों तले अंगुली दबा ली।



