राष्ट्रीय
18 साल की काम्या कार्तिकेयन ने रचा इतिहास, साउथ पोल तक स्की करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बनीं।

मुंबई की 18 वर्षीय साहसी खिलाड़ी काम्या कार्तिकेयन ने 27 दिसंबर 2025 को साउथ पोल तक स्की कर पहुंचकर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय और दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला बन गई हैं।
काम्या ने माइनस 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और तेज बर्फीली हवाओं के बीच करीब 115 किलोमीटर की दूरी तय की। पूरे अभियान के दौरान उन्होंने जरूरी सामान से भरी स्लेज को खुद खींचते हुए यह कठिन सफर पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि पर भारतीय नौसेना (Indian Navy) ने भी उन्हें बधाई दी।
काम्या इससे पहले भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। वह माउंट एवरेस्ट और अकोंकागुआ जैसी ऊंची चोटियों पर चढ़ चुकी हैं और ‘सेवन समिट्स चैलेंज’ भी पूरा कर चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि भारत के लिए गर्व का विषय और युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है।



