बागपत में दहेज को लेकर इशिका की हत्या, कलेक्ट्रेट पर परिजनों का धरना प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दहेज हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दहेज के लिए इशिका की हत्या के मामले में मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने बागपत कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
परिजनों का आरोप है कि इशिका की शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर इशिका को लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी दहेज के लिए हत्या कर दी गई।मामले में पुलिस ने अब तक आरोपी पति और जेठ को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि इस हत्या में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में ग्रामीणों के साथ धरना प्रदर्शन जारी है।
धरने पर बैठे लोगों ने प्रशासन से साफ शब्दों में कहा है कि जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस मामले ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज जैसी कुप्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून होने के बावजूद आज भी बेटियां दहेज के लालच की भेंट चढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है और हर कोई इशिका को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है।पुलिस और प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



