कपिल देव ने गौतम गंभीर को कोच मानने से किया इनकार, कहा- इंटरनेशनल लेवल पर.

कपिल देव ने गौतम गंभीर को टीम का कोच नहीं, बल्कि मैनेजर बताया है। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोच का काम खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और सही माहौल तैयार करना है।
नई दिल्ली: भारत के पहले विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के काम करने के तरीके और आधुनिक क्रिकेट में कोच की भूमिका पर बेबाक राय दी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 की हार के बाद गंभीर की आलोचनाओं के बीच, कपिल देव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोच शब्द का अर्थ बदल गया है। उनके अनुसार, गौतम गंभीर असल में टीम के कोच नहीं बल्कि मैनेजर की भूमिका में हैं।
कोच नहीं सिखा सकता लेग-स्पिन या कीपिंग
गुरुवार को इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के एक कार्यक्रम में कपिल देव ने तर्क दिया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ खिलाड़ियों को तकनीकी सलाह की जरूरत नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गौतम गंभीर किसी लेग-स्पिनर या विकेटकीपर को क्रिकेट की बारीकियां कैसे सिखा सकते हैं? उनके अनुसार, यह काम स्कूल या कॉलेज लेवल के कोचों का होता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हेड कोच का असली काम खिलाड़ियों के व्यक्तित्व को समझना, उनका मनोबल बढ़ाना और टीम के लिए एक सही माहौल तैयार करना है।



