उत्तराखंड
गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राले से टकराई वॉल्वो बस, चालक की मौत, परिचालक घायल

देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर नुन्नावाला, भानियावाला में एक वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर सामने चल रहे एक गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राले से टकरा गई, जिससे बस चालक की मौत हो गई। घायल परिचालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस दिल्ली से देहरादून जा रही थी।
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस में फंसे चालक को एसडीआरएफ की मदद से बाहर निकला गया। इसके बाद बस के चालक और परिचालक को एंबुलेंस के माध्यम से जौलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में परिचालक घायल हुआ है। उसका उपचार चल रहा है।घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। एक वॉल्वो बस दिल्ली से देहरादून जा रही थी। बस में करीब आठ से दस यात्री सवार थे। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।



