बालपुर में बाइक सवार दो युवकों से मारपीट, 50 हजार रुपये छीनने का आरोप

*पुलिस ने कहा छिनैती नहीं हुई*
*मारपीट की सूचना की हो रही जांच पड़ताल*
*गोंडा*
गोंडा जिले के कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के बालपुर इलाके में दो बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपये छीनने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना सोनहरा पाठकपुरवा मोड़ के पास की बताई जाती है, जिसके बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि पीड़ित दोनों युवक जनपद बहराइच के गंगवल बाजार के रहने वाले हैं और अपने मामा को छोड़कर सोनहरा गांव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोककर पहले मारपीट की और बाद में 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही कर्नलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले में छिनैती जैसी कोई घटना नहीं हुई, हालांकि मारपीट की सूचना की जांच की जा रही है। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की वास्तविकता जानने में जुटी है। घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।



