महाराष्ट्र के नांदेड़ में प्रेम संबंध के चलते एक युवक की लड़की के घरवालों ने बेरहमी से हत्या कर दी।

महाराष्ट्र के नांदेड़ में प्रेम संबंध के चलते एक युवक की लड़की के घरवालों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद लड़की युवक के घर गई और प्रेमी के मृत शरीर से शादी कर ली। प्रेमी के हाथों से ही माथे पर सिंदूर लगाया और उसके घर में बहू बनकर रहने की कसम खाई। यह घटना नांदेड के इटवारा इलाके की है।प्रेमी के हत्यारों अपने पिता और भाइयों के लिए मौत की सजा मांगते हुए प्रेमिका ने कहा- उसकी मौत में भी हमारा प्यार जीत गया और मेरे पिता और भाई हार गए। प्रेमिका ने आगे कहा कि उसने उससे शादी इसलिए की, क्योंकि भले ही सक्षम मर चुका है, लेकिन उसका प्यार अभी भी जिंदा है।
पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गजानन बालाजीराव मामीलवाड़, साहिल मामीलवाड़, हिमेश मामीलवाड़, जयश्री मदनसिंह ठाकुर, सोमेश लाखे और वेदांत कुंदेकर शामिल हैं।नांदेड़ के रहने वाले सक्षम ताटे (22) और आंचल मामीलवाड़ (20) तीन साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन सक्षम की दूसरी जाति के होने के चलते आंचल के घरवालों को रिश्ता पसंद नहीं था। साथ ही वे आंचल पर सक्षम से अलग होने का दबाव बना रहे थे।



