धानेपुर में 30 वर्षीय महिला की अधजली लाश की दो दिन बाद भी नहीं हो सकी शिनाख्त

*पुलिस की 4 पुलिस टीमें 20 गांव खंगालकर भी खाली हाथ*
*गोंडा*
गोंडा जिले अंतर्गत धानेपुर थाना क्षेत्र के रेतवागाड़ा गांव के पास मिली एक अज्ञात 30 वर्षीय महिला की अधजली लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना सामने आए 48 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक मृतका की पहचान तक नहीं कर पाई है। पहचान मुश्किल होने के कारण जांच की रफ्तार भी प्रभावित हो रही है। धानेपुर पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए चार टीमें गठित की हैं। पिछले दो दिनों में पुलिस ने क्षेत्र के लगभग 20 गांवों में जाकर घर-घर दस्तक दी, यह पता लगाने के लिए कि कहीं किसी घर की महिला लापता तो नहीं है या कोई हालिया गुमशुदगी दर्ज हुई है। जांच के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
शव की स्थिति बनी सबसे बड़ी चुनौती
शव जिस हालत में मिला, उसने पुलिस की परेशानी और बढ़ा दी है। महिला का आधा हाथ, आधा पैर और आधा सिर ही मिला है, जिससे पहचान करना बेहद कठिन हो रहा है। पुलिस ने कई बार सर्च अभियान चलाया, लेकिन शव का कोई अन्य हिस्सा नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खोज अभियान की सीमा गोंडा से बढ़ाकर बलरामपुर बॉर्डर तक कर दी है। बॉर्डर से सटे गांवों में भी पुलिस टीमें लगातार पूछताछ कर रही हैं कि कहीं किसी घर की महिला तो गायब नहीं है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सोमवार देर शाम पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए चार टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन शव का कोई अन्य अंग बरामद नहीं हो सका। एएसपी ने कहा कि महिला की पहचान की जा रही है, जल्द ही घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा। शव की स्थिति के कारण जांच में कठिनाई जरूर आ रही है, लेकिन सभी टीमें पूरी गंभीरता से कार्य कर रही हैं।” ऐसे में चारों तरफ सिर्फ एक ही सवाल कि यह महिला कौन है और इतनी नृशंस हत्या किसने की? धानेपुर क्षेत्र में यह मामला अब रहस्य बन चुका है और पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है।



