विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में डीएम ने की बैठक

*बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं की दी जानकारी*
*गोण्डा 21 नवम्बर,2025*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण हेतु राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने की। इस बैठक का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सटीक एवं व्यापक बनाना था, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचन सूची में सम्मिलित किया जा सके तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार बूथ स्तर पर नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन से संबंधित कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी राजनीतिक दल इस प्रक्रिया में सहयोग करें और अपने स्तर से भी नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ निर्वाचक नामावली से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र में नाम जोड़ने या सुधार से संबंधित समस्याएं आ रही हैं, तो उन्हें तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को अवगत कराएं, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन कार्य के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से सहयोग प्राप्त हो तो यह प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं सुगम हो जाएगी।
बैठक में जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से यह भी अवगत कराया गया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान पात्र युवाओं, महिलाओं तथा दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर सूची में सम्मिलित किया जाएगा। उपस्थित पदाधिकारियों ने भी निर्वाचन कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि निर्वाचन नामावली का प्रगाढ़ एवं त्रुटिरहित पुनरीक्षण ही सुव्यवस्थित और विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया की नींव है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। बैठक में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।



