POLITICS

मध्य प्रदेश सरकार ने महिलाओं को दी योजनाओं से जुड़ी नई सौगात

मध्य प्रदेश सरकार ने सोमवार (10 नवंबर) को लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने को मंजूरी दे दी. इस योजना की 1.26 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को इस महीने से बढ़ी हुई राशि मिलनी शुरू हो जाएगी. इस पर 1793.75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025-26 में योजना के लिए कुल अनुमानित व्यय बढ़कर 20,450.99 करोड़ रुपये हो गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी जिले में 12 नवंबर को होने वाले एक कार्यक्रम में बढ़ी हुई राशि का भुगतान शुरू करने वाले हैं.

सीएम मोहन यादव ने महिलाओं से किया था वादा

एक सरकारी बयान में कहा गया है, ‘मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रिमंडल ने लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने को मंजूरी दी.’ सीएम मोहन यादव ने 12 अक्टूबर को श्योपुर में एक समारोह के दौरान कहा था कि आगामी भाई दूज और दिवाली त्योहार महिलाओं के लिए अच्छी खबर लेकर आएंगे क्योंकि योजना के तहत सहायता में वृद्धि की जाएगी.

शुरुआत में 1000 रुपये थी सहायता राशि

मालूम हो, इस योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल के दौरान 10 जून, 2023 को हुई थी. तब इसके तहत सहायता राशि 1000 रुपये थी. सरकार ने सितंबर 2023 में ही इसे संशोधित कर 1,250 रुपये कर दिया था. इस योजना को मध्य प्रदेश में बीजेपी के लिए चुनावी बाजी पलटने वाला माना जाता है.

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button