बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ तेजस्वी यादव की फोटो, BJP बोली – कांग्रेस का सम्मान चोरी हो गया

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले पटना में महागठबंधन (RJD, कांग्रेस, वीआईपी व अन्य दलों) की हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नया विवाद खड़ा हो गया है। इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोस्टर पर सिर्फ RJD नेता तेजस्वी यादव की तस्वीर नजर आई, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का चेहरा पूरी तरह गायब रहा ।
बीजेपी ने इस मौके को भुनाते हुए महागठबंधन पर तंज कसा। पार्टी प्रवक्ता शहजाद जय हिंद ने कहा कि “कांग्रेस का सम्मान चोरी हो गया है, पोस्टर में राहुल गांधी गायब हैं और तेजस्वी ने बता दिया कि असली मालिक कौन है।” वहीं, एनडीए के अन्य नेताओं ने इसे “महागठबंधन के भीतर सत्ता संघर्ष” करार दिया ।
कांग्रेस की ओर से सूत्रों ने बताया कि यह रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस नेतृत्व चाहता था कि तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने का ऐलान अशोक गहलोत की मौजूदगी में हो, जबकि राहुल गांधी इससे दूरी बनाए रखें। पार्टी का मानना है कि इससे सीट बंटवारे और जातिगत समीकरणों में उसे बेहतर स्थिति मिलेगी ।
RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने इसे महागठबंधन की एकता का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि “हम सब एक हैं, फोटो से संदेश को नहीं देखा जाना चाहिए, लक्ष्य है नीतीश-बीजेपी सरकार को हटाना।” कांग्रेस अब अक्टूबर के अंत में अपना प्रचार अभियान शुरू करेगी, जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति तय मानी जा रही है।



