बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान JP Nadda ने बताया RJD का फुलफॉर्म, कहा ‘इनकी नियत आज भी 20 वर्ष पुरानी ही है…’

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर NDA की तरफ से लगातार चुनाव प्रचार जारी है। अब केंद्रीय नेताओं का बिहार दौरा भी शुरू हो गया है। पिछले सप्ताह गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर बिहार आये थे तो आज गुरुवार को केंद्रीय मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने औरंगाबाद के गोह और वैशाली के पातेपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत NDA के अन्य कई नेता भी मौजूद रहे।
गोह में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि वह प्रदेश है जिसने आदिकाल से देश दुनिया में बहुत बड़ा योगदान दिया है। यह चाणक्य की भूमि, आर्यभट्ट की भूमि में मुझे आज आने वाले का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। चुनाव के दौरान बिहार में मैं जो उत्साह देख रहा हूँ उससे मुझे विश्वास है कि आप लोगों ने NDA को जिताने का मन बना लिया है। मुझे सिर्फ आपका वोट नहीं चाहिए, बल्कि आप अपने गांव, रिश्तेदार में NDA के लिए वोट मांगिये और इसके तहत आप एक जिम्मेवार नागरिक की भूमिका निभाएंगे।
जेपी नड्डा ने इस दौरान कहा कि मेरा जन्म भी बिहार के पटना में हुआ है और मैंने अपना पहला 20 वर्ष बिहार में ही गुजारा है। मुझे वह अंधकार का युग देखा है और आज उजाले का युग भी देख रहा हूँ। लालू जी के राज में क्या था। आज NDA के साथ विकास और लालू के राज में विनाश का राज साफ साफ दिखता है। आज एक नया नेता की घोषणा की गई है आप देख लीजिये, उनके साथ सिर्फ विनाश ही दिखता है। PM मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश के साथ बिहार तीव्र गति से विकास की राह पर अग्रसर है। बिहार में पिछले 20 वर्षों में हर दृष्टि में विकास हुआ है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार में सडकों का जाल बिछा है, कई ट्रेनें सौगात दी गई है।
आज छठ के अवसर पर दूसरे राज्यों से बिहार आने के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने 12 हजार ट्रेनें दी है ताकि यहां के लोग बिहार आ कर छठ का अर्घ्य दे सकें। उत्तर बिहार में कई सालों से मखाना का उत्पादन किया जा रहा है लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आज मखाना बोर्ड बनाया गया, जीएसटी 5 प्रतिशत कर दिया गया। मुजफ्फरपुर की लीची को जीआई टैग दिया गया, जीएसटी 5 प्रतिशत कर दी गई। सुधा डेयरी के उत्पादों से जीएसटी हटा दिया गया जिसका सीधा फायदा किसानों को मिल रहा है।



