अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी द्वारा थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना मनकापुर में जनसुनवायी फरियादियों की समस्याओं का समाधान कर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

*गोंडा*
आज दिनांक 11अक्टूबर शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत द्वारा थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना को0 मनकापुर पहुंचकर जनसुनवाई की गई। महोदय द्वारा उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा प्रत्येक प्रकरण के निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। महोदय द्वारा बताया गया कि शासन एवं पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कर जनसामान्य में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से किया जाए। समाधान दिवस के उपरांत महोदय द्वारा “साइबर माह” एवं “मिशन शक्ति फेज-5” के अंतर्गत उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, नारी सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन के संबंध में विस्तृत रूप से जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, अतः प्रत्येक नागरिक को सतर्क एवं सजग रहते हुए सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग करना चाहिए। महोदय ने यह भी बताया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई भी चीज नहीं होती, अतः कोई भी व्यक्ति ऐसे फर्जी कॉल या मैसेज से भ्रमित न हो। व्यक्तिगत विवरण सोशल मीडिया पर साझा न करें, सोशल मीडिया एकाउंट्स को प्राइवेट रखें तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग डिटेल्स साझा ना करे आदि। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे-
*112 (आपातकालीन सहायता)*
*1090 (महिला हेल्पलाइन)*
*1930 (साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग)*
*181 (महिला सशक्तिकरण हेल्पलाइन)*
की जानकारी दी गई। साथ ही, साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर आमजन में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने थानों पर नियुक्त साइबर टीम एवं मिशन शक्ति टीम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करें, विशेष रूप से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा व आत्मरक्षा के प्रति शिक्षित एवं सशक्त करें। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की भावना को समाज में गहराई तक स्थापित करना है।
*इस अवसर पर थाना प्रभारी मनकापुर निर्भय नारायण सिंह, संबंधित राजस्व अधिकारी, महिला बीट अधिकारीगण, साइबर टीम सदस्य सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।*



