हिन्दी को समृद्ध करने की जिम्मेदारी हम सभी की: न्यायमूर्ति डा गौतम चौधरी

*गोंडा*
हिन्दी भाषा को बढ़ावा देने और समृद्ध करने की जिम्मेदारी हम सभी हिन्दी भाषियों की है। ऐसा बहुतायत होता है कि हिन्दी बोलने वाले को हम हीन भावना की दृष्टि से देखते हैं। हमें इस मानसिक दासता से स्वतंत्र होना पड़ेगा। हमें सभी भाषाओं को महत्व देते हुए अपनी भाषा का सम्मान बनाये रखना है। उक्त बातें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हिन्दी दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉ गौतम चौधरी ने कही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती को पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक न्यायमूर्ति की धर्मपत्नी मधु चौधरी ने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम को प्रभारी जिला जज रश्मि नंदा, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुनील कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम बुझारत द्विवेदी, महामंत्री संजय सिंह, महामंत्री सिविल बार मनोज मिश्र, अधिवक्ता परिषद के जिला अध्यक्ष धनलाल तिवारी, प्रांतीय उपाध्यक्ष अरविंद सिंह सहित अन्य ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में हिन्दी दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर जिला जज दानिश हसनैन ने किया।



