सोना खरीद लो, दिवाली तक 2 लाख रुपये तोला हो जाएगा… अखिलेश यादव ने यह भविष्यवाणी क्यों की?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बड़ा बयान देते हुए कह डाला कि सोना खरीद लो, क्योंकि दिवाली तक इसकी कीमत 2 लाख तक हो जाएगी. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने अर्थव्यवस्था और सरकार की नीतियों पर यह टिप्पणी की. उन्होंने इसके पीछे तर्क दिया कि सुनने में आया है कि कोई सोना बहुत इकट्ठा कर रहे है.
आज लखनऊ में सपा पार्टी कार्यालय में सिख समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि सिख समाज ने भारत को नई पहचान दिलाई है और कई सीटें जिताने का काम किया है. आज मैं पगड़ी पहनाने वाले युवा साथी को भी धन्यवाद देता हूं.
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताते हुए कहा कि BJP सरकार में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विभाग पूरी तरह चौपट हो चुके हैं. गोंडा में पहली बार मेडिकल में अव्यवस्था देखने को नहीं मिली, वरना हर जगह लूट मची है. BJP हिरासत में मौत का रिकॉर्ड बना रही है. गुजरात के बाद उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हिरासत में मौतें हो रही हैं. मुख्यमंत्री आवास पर जहर खाने की घटनाएं बढ़ गई हैं.
डिप्टी CM की खुद की गाड़ी छिन गई, ऐसे लोगों से क्या उम्मीद करें?
सपा प्रमुख ने कहा कि पड़ोसी देशों में शांति पहली प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार विदेश नीति में कई बार विफल रही है. नेपाल में गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने चिंता जताई.
चुनाव आयोग और वोटिंग सिस्टम पर सवाल
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पंचायती राज में 60% कमीशन लिया जा रहा है. चुनाव आयोग को सुनिश्चित करना चाहिए कि वोट चोरी न हो. रामपुर, कुंदरकी और मीरापुर में वोट की डकैती हुई. अगर ऐसा ही चलता रहा तो जनता आस-पास के देशों की तरह सड़कों पर दिखाई देगी.



