गोंडा में उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर पर गणित ओलंपियाड

*गोंडा, 22 अगस्त 2025*
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, दर्जीकुआं, गोंडा के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद के सभी उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गणित ओलंपियाड का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि जगाना, तार्किक सोच का विकास करना और प्रतिस्पर्धी भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. बीर बहादुर सिंह ने कहा, “यह ओलंपियाड केवल परीक्षा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बौद्धिक क्षितिज को विस्तार देने का एक सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और गणित विषय के प्रति सहज लगाव बढ़ेगा।”
उन्होंने विशेष रूप से एडी बेसिक श्री रामसागर पति त्रिपाठी का उल्लेख करते हुए कहा, “उनके प्रेरक मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के बिना यह आयोजन संभव नहीं हो पाता। यह उनके नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज गोंडा जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।”
डायट प्राचार्य, खण्ड शिक्षा अधिकारियों, डायट प्रवक्ताओं, बाबू अमन शुक्ला, प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों के सहयोग की भी सराहना की गई।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सामूहिक प्रयासों से सम्पन्न यह आयोजन जिले की शैक्षिक गुणवत्ता को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।



