अखिलेश यादव का डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर तंज: बोले, सीएम की कुर्सी पर नजर, स्वास्थ्य विभाग में मची है अराजकता

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर एक बार फिर योगी सरकार पर हमला बोला है। इस बार उनका निशाना सीधे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर रहा, जो स्वास्थ्य विभाग भी संभालते हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि “डिप्टी सीएम की नजर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है, इसलिए विभाग में अफसरों के बीच घमासान मचा है।”
उन्होंने कानपुर की घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां एक ही कुर्सी के लिए दो सीएमओ आपस में भिड़ गए और हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को दखल देना पड़ा। अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब अधिकारियों की ये हालत है, तो आम जनता के स्वास्थ्य की क्या स्थिति होगी?
सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और मंत्री सिर्फ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर व्यस्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार में न तो व्यवस्था है और न ही जवाबदेही। अखिलेश ने यह दावा किया कि 2022 के बाद से स्वास्थ्य विभाग में कई घोटाले हुए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


