
जयपुर के शिव जौहरी ने अपनी बेटी की शादी के लिए 3 किलो शुद्ध चांदी से बना विशेष निमंत्रण कार्ड तैयार करवाया है. यह अनोखा कार्ड अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है. इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है.
जयपुर:
हर पिता की इच्छा होती है कि उसकी बेटी की शादी बेहद यादगार हो. ऐसी, जो जीवनभर लोगों के दिलों में बसी रही. जयपुर के शिव जौहरी ने भी अपनी बेटी के विवाह को खास बनाने के लिए ऐसा कदम उठाया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है. उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए 3 किलो शुद्ध चांदी से बना विशेष निमंत्रण कार्ड तैयार करवाया है. यह अनोखा कार्ड अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है.
शिव जौहरी बताते हैं कि करीब 25 लाख रुपए की कीमत का ये कार्ड उन्होंने अपनी अनमोल भावनाओं के साथ तैयार किया है. इस बॉक्सनुमा कार्ड में 65 देवी देवताओं की प्रतिमा उकेरी गई है. 8 गुना 6.5 इंच की साइज और 3 इंच की गहराई का यह कार्ड अपने अंदर पिता के आशीर्वाद और भावनाओं को समेटता है. कुशल कारीगरी के हुनर से 128 चांदी के टुकड़ों से तैयार इस कार्ड को बिना किसी कील या पेच का इस्तेमाल किए बनाया गया है.



