1 लाख सैलरी, फ्री घर और… योगी सरकार ने युवाओं के लिए खोला खजाना, 10 हजार से अधिक नौकरी

योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है. इसी कड़ी में अब गोरखपुर में 14 और 15 अक्टूबर को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ‘रोजगार महाकुंभ-2025’ का आयोजन किया जा रहा है. इस रोजगार मेले में यूएई और ओमान जैसे देशों में काम करने के लिए कुल 10,855 पदों पर भर्ती होगी.
इन नौकरियों में वेतन 24 हजार से लेकर 1 लाख 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक रहेगा. इसमें कंस्ट्रक्शन वर्कर, ड्राइवर, सुपरवाइजर, कारपेंटर और हेल्पर जैसे पद शामिल हैं. यह पहल न केवल प्रदेश में बेरोजगारी को कम करेगी, बल्कि रेमिटेंस के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती भी प्रदान करेगी.
गोरखपुर में आयोजित यह रोजगार महाकुंभ विशेष रूप से पूर्वांचल के युवाओं के लिए फायदेमंद साबित होगा. इस आयोजन के जरिए युवाओं को अपने कौशल को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. सरकार का उद्देश्य हर युवा को रोजगार के योग्य बनाना और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करना है. अगस्त महीने में लखनऊ में हुए तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ-2025 में जहां 10 हजार युवाओं को देश और विदेश में रोजगार दिलाने का लक्ष्य था, वहीं कुल 16,897 युवाओं का चयन विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के माध्यम से किया गया. योगी सरकार लगातार प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में ठोस पहल कर रही है.
गोरखपुर के रोजगार महाकुंभ में कुल 10,855 पदों पर भर्ती की जाएगी. इनमें कुशल और अकुशल दोनों प्रकार के श्रमिकों के लिए अवसर होंगे. भर्ती के प्रमुख पद और वेतनमान इस प्रकार हैं-
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
सेवायोजन विभाग ने बताया कि सभी नौकरियों की जानकारी rojgaarsangam.up.gov.in वेबसाइट पर उपलब्ध है. जो युवा इसमें हिस्सा लेना चाहते हैं, वे इस वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण और आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और उन्हें क्यूआर कोड वाला एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा.
युवाओं के लिए बड़ा मौका
सेवायोजन विभाग के अपर निदेशक पी.के. पुंडीर ने कहा कि यह आयोजन युवाओं के लिए विदेश में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर है. इससे न केवल उन्हें रोजगार मिलेगा बल्कि वे अपने परिवार और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना सकेंगे.



