नीतीश कुमार ने राजभवन में सौंपा इस्तीफा, राज्यपाल के सामने NDA की नई सरकार बनाने का दावा किया पेश

बिहार में गुरुवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है. वहीं इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया. इसके साथ ही नीतीश कुमार ने एनडीए गठबंधन के समर्थन के आधार पर राज्यपाल के सामने नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है. इस दौरान सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता भी राजभवन में मौजूद रहे. वहीं इससे पहले आज दोपहर एनडीए विधायक की दल की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुना गया
राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफ़े के साथ यह स्पष्ट किया कि वे एनडीए के सर्वसम्मत नेता चुने जा चुके हैं और गठबंधन ने उन्हें नई सरकार का नेतृत्व करने के लिए अधिकृत किया है. इसके कुछ घंटे पहले ही विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें जदयू, बीजेपी, लोजपा (रामविलास), हम और आरएलएम के सभी विधायकों ने एकजुट होकर नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सहमति जताई थी.
राजभवन सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने नीतीश कुमार का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है और औपचारिक रूप से उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने का निर्देश दिया है, ताकि नई सरकार के गठन तक प्रशासनिक कामकाज प्रभावित न हो. इसके साथ ही राज्यपाल ने एनडीए को बहुमत साबित करने और सरकार गठन की आगे की प्रक्रिया पूरी करने का संकेत दे दिया है.
इधर, इस्तीफे के तुरंत बाद ही एनडीए में उत्साह का माहौल है। बताया जा रहा है कि नई सरकार के लिए मंत्रिमंडल सूची लगभग अंतिम रूप ले चुकी है. इस बार कैबिनेट में जेडीयू और बीजेपी को लगभग बराबर प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है, जबकि सहयोगी दलों को भी जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारी पूरी हो गयी है. बता दें, नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार की बागडोर संभालेंगे और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
सूत्रों के मुताबिक, बिहार की नई सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा दो उपमुख्यमंत्री और लगभग 18 से 20 मंत्री शपथ ले सकते हैं. उपमुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी कोटे से दो नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, जबकि जेडीयू और अन्य छोटे सहयोगियों को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलने की बात कही जा रही है. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिये गांधी मैदान जाएंगे. वहां नीतीश कुमार सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद वह फिर हेलीकॉप्टर से पटना एयरपोर्ट वापस लौट जाएंगे.


