बीपीएससी एईडीओ की परीक्षा स्थगित, 10 लाख परीक्षार्थी होने वाले थे शामिल

लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से आयोजित होने वाली एईडीओ (AEDO) परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है. इसको लेकर आयोग ने आधिकारिक नोटिस जारी किया है. परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अपरिहार्य कारणों से यह फैसला लिया गया है. पहले यह परीक्षा 10 जनवरी से 16 जनवरी तक आयोजित की जानी थी, लेकिन अब निर्धारित तिथियों पर परीक्षा नहीं होगी.
बीपीएससी की इस परीक्षा में करीब 10 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में परीक्षा स्थगित होने की खबर सामने आते ही राज्य भर के अभ्यर्थियों के बीच चर्चा तेज हो गई है. आयोग की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा की नई तिथि और कार्यक्रम की जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी.
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट या जारी सूचनाओं के माध्यम से ही अपडेट प्राप्त करें. परीक्षा से जुड़ी तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह फैसला अहम माना जा रहा है, क्योंकि परीक्षा को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थी तैयारी में जुटे हुए थे.



