सुपर ओवर का सरदार…कहां पलटा गेम, कैसे श्रीलंका को पटखनी देने में अर्शदीप रहे असरदार?

एशिया कप 2025 में भारत ने जीत का छक्का लगाया. भारत-श्रीलंका के बीच सुपर 4 का मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा. भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया मैच रोमांचक थ्रिलर साबित हुआ. कारण कि मुकाबला सुपरओवर तक पहुंचा. मगर सुपर ओवर में आखिरकार जीत भारत की हुई. भारत का सरदार इस कदर असरदार साबित हुआ कि टीम इंडिया ने एशिया कप में जीत का छक्का लगा दिया. टीम इंडिया का विजय रथ अब भी जारी है. अगर भारत सुपर ओवर में श्रीलंका को पटखनी देने में कामयाब रहा तो इसमें सबसे बड़ा रोल टीम इंडिया के सरदार अर्शदीप सिंह का है.
दरअसल, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत और श्रीलंका टीमों ने 20 ओवरों में 202 रन बनाए. इसके कारण मुकाबला टाई हो गया. अब बारी सुपर ओवर की थी. भारत के पास कुलदीप, अर्शदीप, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा और अक्षर पटेल जैसे बॉलर थे. मगर सूर्य कुमार यादव ने टीम इंडिया के सरदार अर्शदीप पर भरोसा जताया. यह जानते हुए कि अर्शदीप का स्पेल सुपर ओवर से पहले अच्छा नहीं गया था. सुपरओवर में लेफ्ट-आर्म पेसर अर्शदीप सिंह ने ऐसी घातक गेंदबाजी की, जिससे श्रीलंका टीम महज 2 रनों पर सिमट गई. इसके जवाब में भारत ने पहली ही गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी छठी लगातार जीत दर्ज की और फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ने के लिए तैयार है.
कहां पलटा गेम?
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की विस्फोटक पारी से भारत ने 202 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. इसके बाद बारी श्रीलंका टीम की थी. ओपनर पथुम निसंका ने कमाल कर दिया. उन्होंने 58 गेंदों पर 107 रनों की नाबाद पारी खेली. इसके दम पर 20 ओवर में श्रीलंका ने 202 रन बनाकर मैच को टाई करा दिया. श्रीलंका की मैच पर पकड़ मजबूत थी. मगर भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी के पांच ओवर में गेम को पलटा दिया. अंतिम 5 ओवरों में श्रीलंका को महज 40 रनों की जरूरत थी, मगर भारतीय स्पिनरों कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह ने कमाल किया. 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने मेंडिस का विकेट लेकर बाजी पलट दी. हालांकि, मैच टाई हो गया
कैसे अर्शदीप रहे असरदार?
अब बारी सुपरओवर के रोमांच की थी. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की. टीम इंडिया के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने टी-20 के स्पेशलिस्ट गेंदबाज अर्शदीप सिंह को गेंद सौंपी. अर्शदीप उनकी उम्मीदों पर खड़े उतरे. उन्होंने अपने अनुभव का फायदा उठाया और घातक गेंदबाजी से कमाल कर दिखाया. अर्शदीप सिंह की पहली गेंद पर कुशल परेरा कैच आउट हुए, जबकि चौथी गेंद पर दासुन शनाका भी कैच दे बैठे. अर्शदीप ने यॉर्कर और शॉर्ट गेंदों का मिश्रण किया, जिससे श्रीलंका महज 2 रन बना सकी. भारत ने 3 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया.
अर्शदीप पर भरोसा क्यों?
अब सवाल है कि आखिर सुपर ओवर में सूर्य कुमार यादव ने अर्शदीप सिंह पर ही भरोसा क्यों जताया? इसका कारण है कि टी-20 में अर्शदीप सिंह का आंकड़ा बेहद असरदार है. अर्शदीप ने 64 T20I मैचों में 100 विकेट लिए हैं. यह उन्हें भारत का सबसे अधिक विकेट लेने वाला T20I बॉलर बनाता है. उनकी औसत इकोनॉमी रेट 8.0 के आसपास है, मगर डेथ ओवर्स में उनकी यॉर्कर डिलीवरी ने उन्हें स्पेशलिस्ट बना दिया है. वह टी 20 में भारत की ओर से 100 विकेट लेने वाले पहले बॉलर हैं. अब उन्हें टी 20 का अच्छा खासा अनुभव हो गया है. दबाव में कैसे गेंदबाजी की जाती है, यह उन्हें पता है. इसलिए सुपर ओवर का प्रेशर उन्होंने अच्छे से संभाला.



