तीन दिन से लापता युवक की दिल दहला देने वाली हत्या, सिर-पैर गंगा में फेंके जाने का दावा

भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और अमानवीय हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बीते तीन दिनों से लापता युवक अभिषेक कुमार की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को तीन टुकड़ों में काट दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे राघोपुर पंचायत अंतर्गत शाहपुर पुलिया के पास से प्लास्टिक के बोरे में बंद शव बरामद किया। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो मसकन बरारीपुर निवासी संतोष दास का भांजा था। वह 23 दिसंबर से लापता था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 24 दिसंबर को नाथनगर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और पूछताछ के दौरान दो आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार शव को प्लास्टिक के बोरे में डालकर उसमें मिट्टी और बालू भरा गया था ताकि पहचान न हो सके। बोरा खोलते ही पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। युवक का धड़ तीन हिस्सों में कटा हुआ था, दोनों हाथ मोटी नायलॉन रस्सी से बंधे थे और जैकेट का चैन लगाकर शव को कसकर बंद किया गया था। हालांकि मृतक का सिर और दोनों पैर अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि सिर और पैर को गंगा नदी में फेंक दिया गया है, जिनकी तलाश जारी है।



