रेल यात्रियों के लिए गुडन्यूज! हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में जल्द मिलेगा नॉनवेज खाना

Vande Bharat Sleeper Trains: भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जो हावड़ा और कामाख्या के बीच चलती है, उसमें जल्द ही नॉनवेज खाने का विकल्प उपलब्ध होगा. यात्रियों की मांग और स्थानीय स्वाद को ध्यान में रखते हुए रेलवे फरवरी के पहले सप्ताह तक इस सुविधा को शुरू करेगा.
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जो हावड़ा (कोलकाता) और कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलती है, उसमें भी अब जल्द ही नॉन-वेजिटेरियन (नॉन-वेज) खाने का विकल्प मिलने वाला हैं. ईस्टर्न रेलवे (ER) के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि यह ट्रेन 17 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रवाना की थी. कामाख्या स्टेशन से इसकी नियमित यात्रा 22 जनवरी से शुरू हुई जबकि हावड़ा से अगले दिन यानी 23 जनवरी से प्रारंभ हुई है.
यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलती है और रात भर की यात्रा करती है.ट्रेन शुरू होने के बाद से ही कई यात्रियों ने शिकायत की थी कि ट्रेन में सिर्फ शाकाहारी (वेज) खाना ही मिल रहा है. पश्चिम बंगाल और असम के लोग ज्यादातर मछली और मांस खाते हैं. दोनों राज्यों की खास खाने की चीजें नॉनवेज होती हैं, जैसे मछली की करी, मटन, चिकन आदि. इसलिए यात्रियों को सिर्फ वेज खाना मिलना अच्छा नहीं लगा.
ईस्टर्न रेलवे के अधिकारी ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के मेन्यू में नॉनवेज खाने के विकल्प लगभग एक हफ्ते के अंदर उपलब्ध हो जाएंगे. यानी फरवरी के पहले हफ्ते तक यह बदलाव आ सकता है. रेलवे ने पहले ही कहा था कि ट्रेन में खाना लोकल स्वाद के साथ दिया जाएगा. कामाख्या से चलने वाली ट्रेन में असमिया खाने का स्वाद होगा और हावड़ा से चलने वाली ट्रेन में बंगाली या पश्चिम बंगाल के खाने का स्वाद मिलेगा. दोनों जगहों के खाने में नॉनवेज डिशेज बहुत लोकप्रिय हैं.



