राहुल गांधी बिहार में जननायक बन गए हैं, थोड़ा इंतजार करिए दिल्ली पहुंचते ही राष्ट्रपिता बन जाएंगे, नीतीश के करीबी मंत्री का बड़ा कटाक्ष

राहुल गांधी इन दिनों बिहार की यात्रा कर रहे हैं, जहां वह SIR में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग और एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साध रहे हैं. उनके समर्थक उत्साहित होकर राहुल गांधी को जननायक कहने लगे हैं, जिससे बिहार की सियासत गर्मा गई है. अब एनडीए के नेता और नीतीश कुमार के करीबी मंत्री विजय चौधरी ने इस पर चुटीले अंदाज में बड़ा हमला बोला है.
मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि आज कैसे-कैसे लोग हैं जो जननायक का मतलब नहीं समझ रहे हैं और उनकी तुलना किसी से कर दे रहे हैं. राहुल गांधी को उनके समर्थक जननायक कह रहे हैं, इसका मतलब तो यही है कि राहुल गांधी बिहार में जननायक बन गए हैं. थोड़ा इंतजार कीजिए, कहीं ऐसा न हो कि राहुल गांधी दिल्ली जाते-जाते राष्ट्रपिता ना बन जाएं.
विजय चौधरी का कहना है कि SIR पर पूरी तस्वीर चुनाव आयोग ने साफ कर दी है, बावजूद इसके राहुल गांधी बिहार में SIR का मुद्दा उठाते घूम रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने भी SIR को लेकर जो बातें कही हैं, उनके बाद भी राहुल गांधी लक्ष्यहीन यात्रा कर रहे हैं. लेकिन, राहुल गांधी का बिहार दौरा एनडीए के लिए बेहद लाभदायक होने वाला है क्योंकि जितने दिनों तक राहुल गांधी बिहार में रहेंगे, एनडीए के लिए उतना ही शुभ होगा और एनडीए जीत के प्रति और अधिक आश्वस्त रहेगी.
राहुल गांधी को जननायक कहे जाने पर सिर्फ विजय चौधरी ने ही निशाना नहीं साधा है, बल्कि जेडीयू के प्रवक्ताओं की पूरी फौज इसके खिलाफ खड़ी हो गई है. जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस बहाने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर तो बहाना है, जन नायक कर्पूरी ठाकुर को निपटना है. नीरज कुमार कहते हैं कि राहुल गांधी को कांग्रेस के ऑफिशियल ट्वीट से जन नायक बताया गया है. जन नायक का अपमान करने की परम्परा लालू प्रसाद से शुरू की गई थी और आज भी जन नायक कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया जा रहा है.
नीरज कुमार गंभीर आरोप लगाते हुए कहते हैं कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव कर्पूरी ठाकुर का अपमान करेंगे, जो बरदाश्त नहीं किया जाएगा. राहुल गांधी माफी मांगें कि उन्होंने अपने को कैसे जननायक घोषित करवा दिया. गठबंधन के लिए लालू प्रसाद जन नायक का अपमान बर्दाश्त कर रहे हैं.



