राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर ‘गैलेंट्री अवॉर्ड्स 2026’ को मंजूरी दी।

जनवरी 2026 में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के 70 कर्मियों को ‘गैलेंट्री अवॉर्ड्स 2026’ प्रदान करने की स्वीकृति दी, जिनमें 6 मरणोपरांत सम्मान शामिल हैं। यह पुरस्कार असाधारण साहस, वीरता और बलिदान के लिए दिए गए।
इन पुरस्कारों में कुल 17 शांतिकालीन वीरता पुरस्कार शामिल हैं, जिनमें 1 अशोक चक्र, 3 कीर्ति चक्र और 13 शौर्य चक्र (जिसमें 1 मरणोपरांत) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 1 बार टू सेना मेडल (गैलेंट्री), 44 सेना मेडल (गैलेंट्री) जिनमें 5 मरणोपरांत, 6 नौसेना मेडल (गैलेंट्री) और 2 वायु सेना मेडल (गैलेंट्री) प्रदान किए गए।
अशोक चक्र से भारतीय वायु सेना (Indian Air Force – IAF) के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (International Space Station – ISS) पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बने। वे 1984 में रूसी सोयूज यान से अंतरिक्ष यात्रा करने वाले राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय और एक्सियम-4 मिशन के तहत ISS पर पहुंचने वाले पहले भारतीय हैं।
कीर्ति चक्र, जो भारत का दूसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, मेजर अरशदीप सिंह (1 असम राइफल्स), नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा (2 पैरा स्पेशल फोर्सेज) और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को प्रदान किया गया। ग्रुप कैप्टन नायर भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए प्रशिक्षित चार अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हैं।
शौर्य चक्र, जो तीसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, इस वर्ष भारतीय नौसेना की दो महिला अधिकारियों—लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के. और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए.—को प्रदान किया गया, जो नौसेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और साहस को दर्शाता है।
गैलेंट्री अवॉर्ड्स के अतिरिक्त, राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों और अन्य कर्मियों को कुल 301 सैन्य अलंकरणों को भी मंजूरी दी। इनमें 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM), 56 अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), 9 युद्ध सेवा मेडल (YSM), सेना मेडल के 2 विशिष्ट बार, 43 विशिष्ट सेना मेडल, 8 विशिष्ट नौसेना मेडल, 14 विशिष्ट वायु सेना मेडल और 135 विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) शामिल हैं।



