राम लला की तस्वीर संग कैमरून ने जारी किए चांदी के सिक्के, डिजाइन में छिपा है यूपी कनेक्शन

अफ्रीकी देश कैमरून ने अयोध्या के भगवान श्रीरामलला की तस्वीर वाले 108 लिमिटेड चांदी के सिक्के जारी किए हैं। इन सिक्कों की विशेषता यह है कि प्रत्येक सिक्के पर रामलला की भव्य छवि उकेरी गई है, जो अयोध्या में विराजमान भगवान राम के स्वरूप से मेल खाती है। सिक्के के पीछे कैमरून का राजचिह्न और ‘Republic of Cameroon’ लिखा है, जबकि चारों ओर देवनागरी लिपि में ‘जय श्रीराम’ अंकित है।
मेरठ निवासी तुषार्थ गर्ग की कंपनी टीआरजे कलेक्शंस ने इस सिक्के के डिजाइन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह सिक्का 1,000 फ्रैंक मूल्य का है और एक औंस चांदी से बना है, जिसे नीदरलैंड की न्यूमिसकलेक्ट कंपनी ने विशेष रंग और फिनिश के साथ बनाया है। सिक्कों की संख्या सिर्फ 108 है, जो इसे और भी दुर्लभ बनाती है।
यह सिक्का भगवान राम की दिव्य शक्ति, धर्म, साहस और सत्यनिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। इस प्रयास से न केवल धार्मिक महत्व उभरा है, बल्कि उत्तर प्रदेश और मेरठ का भी कनेक्शन वैश्विक स्तर पर सामने आया है।
सिक्के का लोकार्पण धनतेरस पर मेरठ में किया गया, जहां इतिहास के जानकार और स्थानीय समुदाय के लोग भी उपस्थित रहे। इस अनोखे संग्रहणीय सिक्के को दुनिया भर में सीमित संख्या में उपलब्ध कराया जाएगा।



