मनकापुर में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चालक की दबकर दर्दनाक मौत

*गोंडा*
गोंडा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान रक्षाराम के रूप में हुई है, जो मोतीगंज थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव का निवासी था। वह मनकापुर से दतौली चीनी मिल की ओर गन्ना लेकर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सीडीएस स्कूल के पास उस समय हुआ, जब ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से रक्षाराम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि किसान गन्ना बेचने के लिए स्वयं ट्रैक्टर चलाकर चीनी मिल जा रहा था,तभी यह हादसा हुआ है।



