बिहार

‘मैं भी अनंत’ अभियान पर भड़के सूरजभान, कहा ‘मोकामा के मतदाता डरेंगे नहीं बल्कि….’

विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कल मतदान होना है और ऐसे में पूरे राज्य के लोगों की निगाहें टिकी है बाहुबलियों के टक्कर वाले मोकामा विधानसभा सीट पर। मोकामा विधानसभा सीट पर एक तरफ NDA की तरफ से जदयू की टिकट पर बाहुबली अनंत सिंह मैदान में हैं तो दूसरी तरफ महागठबंधन की तरफ से RJD की टिकट पर बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीना देवी और जन सुराज की टिकट पर पियूष प्रियदर्शी। बीते दिनों चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज प्रत्याशी पियूष प्रियदर्शी के समर्थक बाहुबली दुलारचंद यादव की मौत के बाद इस सीट पर मतदान काफी संवेदनशील हो गया है।

घटना के बाद से पक्ष विपक्ष लगातार आमने सामने है इस बीच जदयू प्रत्याशी को पुलिस ने दुलारचंद यादव हत्या के आरोप में जेल भेज दिया। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस सीट पर चुनाव प्रचार का जिम्मा अपने हाथ लिया और बीते दिनों रोड शो और जनसभा के दौरान क्षेत्र के लोगों से अपील की कि अब सभी मतदाता अपने आप को अनंत सिंह समझ कर चुनाव लड़ें। वहीं दूसरी तरफ सूरजभान सिंह भी अपनी पत्नी के लिए लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

मतदान से एक दिन पहले प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सूरजभान सिंह ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोकामा विधानसभा के वोटर डरेंगे नहीं बल्कि निडरता के साथ बूथ पर जा कर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुलेआम कह रहे हैं कि विपक्षियों को घर से नहीं निकलने दें लेकिन यह लोकतंत्र है और हर आदमी बगैर डरे घर से भी निकलेगा और बूथ पर जा कर मतदान भी करेगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार मोकामा विधानसभा सीट पर विधायक और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बदलाव हो कर रहेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर भी निशाना साधा और कहा कि यह दुर्भाग्य ही है कि बड़े पदों पर बैठे लोगों को भी यह पता नहीं चलता है कि कहाँ क्या बोलना चाहिए।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button