मेरठ: सेना के वाहन से टकराई बीकॉम छात्रा प्रियंका हादसे में दर्दनाक मौत

मेरठ के लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बीकॉम की छात्रा प्रियंका की मौत हो गई। प्रियंका अपनी मां को लेने के लिए स्कूटी से सप्लाई डिपो जा रही थी। इसी दौरान चौक के पास तेज़ रफ्तार सेना के वाहन ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा प्रियंका की मां राजेश चौधरी की आंखों के सामने हुआ जो सप्लाई डिपो में मेट अटेंडेंट हैं। मां अपनी बेटी की लहूलुहान लाश को गोद में लेकर बिलखती रही।
सूचना पर पुलिस और आर्मी अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रियंका के परिवार में मातम छा गया है।
प्रियंका जुड़वा बहनों में से एक थी और अपने परिवार के साथ एमईएस क्वार्टर भगत लाइन क्षेत्र में रहती थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और हादसे के कारण की जांच कर रही है।



