मुठभेड़ से पहले थानाध्यक्ष को फोन कर किया था चैलेंज, कुंदन ठाकुर ने कहा था ‘मुठभेड़ में सिर्फ पुलिसवाले की जाएगी जान…’

मुठभेड़ से पहले थानाध्यक्ष को फोन कर किया था चैलेंज, कुंदन ठाकुर ने कहा था ‘मुठभेड़ में सिर्फ पुलिसवाले की जाएगी जान…’
बिहार के पूर्वी चंपारण में मंगलवार की तड़के सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें STF के एक जवान शहीद हो गए जबकि दो अपराधी भी मारे गए। एनकाउंटर के बाद अब जिले में एक ऑडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एनकाउंटर में मारा गया अपराधी कुंदन ठाकुर पुलिसकर्मी को चैलेंज देता हुआ सुना जा सकता है। हालांकि इस वायरल ऑडियो की पुष्टि दर्श न्यूज़ नहीं करता है लेकिन बताया जा रहा है कि कुंदन ठाकुर ने पूर्वी चंपारण के चकिया थाना के थानाध्यक्ष को फोन कर परिवार के लोगों को परेशान नहीं करने की बात कही थी। साथ ही उसने कहा था कि अगर गुंडई देखना है तो फिर हम दिखा देंगे। ऑडियो में अपराधी ने SHO को यह भी कहा था कि बहुत जल्दी ही एक खबर आएगी जिसमें बताया जायेगा कि कई पुलिसकर्मी मारे गए जबकि अपराधी भाग निकला।
वायरल ऑडियो में सुना जा सकता है कि अपराधी ने कॉल करने के बाद सबसे पहले प्रणाम सर कहता है फिर अपना परिचय देता है। इसके बाद उसने कहा कि सर जब हमने कहा है कि हमारे परिवार को परेशान मत कीजिये, आपको भी हमारे तरफ से कोई परेशानी नहीं होगी तो फिर बार बार मेरे घर पर आपलोग क्यों जाते हैं? मेरी मां के साथ गाली गलौज करते हैं और हर बार कैमरे का डीवीआर खोल कर ले आते हैं। ऐसे में 10-15 हजार रूपये खर्च कर उसे कौन मेंटेन करेगा। पुलिस की तरफ से जब कहा गया कि सर ने बुलाया है तो उसके जवाब में कुंदन ने कहा कि सर का परिवार नहीं है क्या? अगर हम पहुँचने लगें तो समझ रहे हैं क्या होगा?



