उत्‍तर प्रदेश

मिर्जापुर के चुनार स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आए छह श्रद्धालुओं की मृत्यु, अफरा-तफरी मची

मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक ट्रेन हादसा हुआ, जिसमें छह श्रद्धालुओं की कालका-हावड़ा मेल ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ये सभी श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए सोनभद्र की ओर से आने वाली गोमो-प्रयागराज बरवाड़ीह पैसेंजर ट्रेन से प्लेटफार्म नंबर चार पर उतरे थे। प्लेटफार्म नंबर चार से उतरकर वे प्लेटफार्म नंबर तीन की ओर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, इसी दौरान तेजी से गुजर रही कालका मेल ट्रेन की चपेट में आ गए।

इस हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार फैल गई। हादसे में मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, तथा जीआरपी और आरपीएफ अधिकारी मृतकों की पहचान कराने में जुटे हुए हैं। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन बताया जा रहा है कि वे सभी दक्षिणाचंल क्षेत्र के थे और गंगा स्नान करके लौट रहे थे। घटना के तुरंत बाद मौके पर एसडीएम, पुलिस अधीक्षक समेत उच्च अधिकारियों ने पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए घायलों को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और राहत कार्यों में तेजी लाने के आदेश जारी किए हैं।

रेलवे प्रशासन ने भी इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। सूचना मिलने के बाद स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसा इसलिए भी दुखद है क्योंकि फुटओवरब्रिज मौजूद होने के बावजूद श्रद्धालुओं ने रेलवे ट्रैक से ही दूसरी ओर जाने की कोशिश की, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button