बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी आज, दिल्ली में कई मार्गों पर डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक, मेट्रो के लिए भी एडवाइजरी जारी।

विजय चौक पर आज बीटिंग रिट्रीट समारोह आयोजित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने बीटिंग रिट्रीट समारोह और राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन की रोशनी देखने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की है। इसके तहत विजय चौक सहित कई मुख्य सड़कों पर 29 जनवरी को दोपहर दो बजे से रात 9:30 बजे तक ट्रैफिक की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।आज दोपहर दो बजे से रात 9:30 बजे तक विजय चौक, आरए सुनहरी मस्जिद और कृषि भवन के बीच रफी मार्ग, रायसीना रोड आर/ए कृषि भवन से विजय चौक की ओर, आर/ए दारा शिकोह रोड, आर/ए कृष्णा मेनन मार्ग, आर/ए सुनहरी मस्जिद से आगे विजय चौक की ओर और विजय चौक से सी हेक्सागन के बीच कर्तव्यपथ पर ट्रैफिक बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी पॉइंट, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। रफी मार्ग और सी हेक्सागन के बीच जल चैनलों के पीछे विजय चौक पर रोशनी देखने वालों के लिए शाम सात बजे के बाद पार्किंग उपलब्ध होगी।



