बाबरी मस्जिद के लिए सिर पर ईंटें लेकर जा रहे समर्थक, आज नींव रखेंगे हुमायूं; हाई अलर्ट

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडंगा में आज एक विवादास्पद कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। निलंबित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक हुमायूं कबीर ने 1992 में अयोध्या में ढहाई गई मूल बाबरी मस्जिद की कॉपी के रूप में एक नई मस्जिद की नींव रखने का ऐलान किया है। यह कार्यक्रम 6 दिसंबर यानी आज होने वाला है, जो बाबरी मस्जिद विध्वंस की 33वीं वर्षगांठ का दिन भी है। इस ऐलान ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हंगामा मचा दिया है, और स्थानीय प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी है। इस बीच कई समर्थक ईंटें लेकर बेलडंगा पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम की पृष्ठभूमि और हुमायूं कबीर का दावा
हुमायूं कबीर भरतपुर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के विधायक हैं। उन्होंने पिछले महीने सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की घोषणा की थी। उन्होंने कहा- हम 6 दिसंबर को बेलडंगा, मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे। यह निर्माण तीन साल में पूरा होगा और इसमें विभिन्न मुस्लिम नेता भाग लेंगे। कबीर ने दावा किया है कि यह मस्जिद 20 बीघा जमीन पर बनेगी, जिसकी अनुमानित लागत 125 करोड़ रुपये है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में करीब तीन लाख लोग शामिल होंगे, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-12 (एनएच-12) को प्रभावित कर सकता है।



