खेल

पाकिस्‍तान जिसे मानता था सगा, उसी ने घोंपा पीठ में खंजर, दिखने लगा बीसीसीआई का पावर

एशिया कप 2025 ट्रॉफी को लेकर बीसीसीआई और पीसीबी के बीच टसल जारी है. क्‍योंकि एसीसी यानी एशियन क्रिकेट काउंसिल की कमान इस वक्‍त पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी के पास है. लिहाजा वो अपनी पावर का गलत इस्‍तेमाल कर भारत को ट्रॉफी देने में आनाकानी कर रहे हैं. अब नकवी को अपने खास मित्र देश यानी श्रीलंका और अफगानिस्‍तान के क्रिकेट बोर्ड से तगड़ा झटका लगा है. बीसीसीआई के पावर के खेल में नकवी चारों खाने चित नजर आ रहे हैं.

बीसीसीआई को श्रीलंका और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का समर्थन मिलने के बावजूद एशिया क्रिकेट परिषद के पाकिस्तानी प्रमुख मोहसिन नकवी मानने को तैयार नहीं हैं. ट्रॉफी अभी तक चैम्पियन भारतीय टीम को मिली नहीं है. एसीसी के एक शीर्ष सूत्र ने पीटीआई को बताया कि नकवी ने कहा है कि बीसीसीआई का कोई प्रतिनिधि दुबई में एसीसी मुख्यालय से ट्रॉफी उनसे ले सकता है लेकिन भारतीय बोर्ड ने इससे इनकार किया. बीसीसीआई अगले महीने आईसीसी की बैठक में यह मसला उठायेगा.

एसीसी सूत्र ने कहा ,‘‘ बीसीसीआई सचिव, एसीसी में बीसीसीआई के प्रतिनिधि राजीव शुक्ला और श्रीलंका तथा अफगानिस्तान समेत अन्य सदस्य बोर्ड के प्रतिनिधियों ने पिछले सप्ताह एसीसी को पत्र लिखकर ट्रॉफी भारत को देने के लिये कहा.’’ उन्होंने कहा ,‘‘ लेकिन उनका जवाब था कि बीसीसीआई से किसी को दुबई आकर उनसे ट्रॉफी लेनी होगी. इसलिये मामले में गतिरोध बना हुआ है. बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा है कि वह नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे. अब इस पर फैसला आईसीसी की बैठक में होगा.’’

आईसीसी के प्रमुख बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह हैं. ट्रॉफी एसीसी मुख्यालय पर है चूंकि भारतीय टीम ने इसे नकवी से लेने से इनकार कर दिया था जिसके बाद वह ट्रॉफी लेकर चले गए. नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख और अपने देश के गृहमंत्री भी हैं. पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारतीय टीम ने एशिया कप के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हुए और तीनों भारत ने जीते.

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button