परेशानी: ज्योतिषी बढ़ा रहे नाम, बढ़ रहा सरकारी काम, जन्म प्रमाणपत्र में नाम बदलवाने वालों की संख्या बढ़ी

गृहों की चाल बदलने के लिए अंक ज्योतिषियों की नाम में अक्षर बढ़ाने की सलाह सरकारी काम बढ़ा रही है। जन्म प्रमाणपत्र केंद्रों पर लोग अब अपने बच्चों का नाम बदलवाने के लिए पहुंच रहे हैं। दून अस्पताल के जन्म प्रमाणपत्र संवर्ग में हर रोज पांच लोग नाम बदलवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक अभिभावक अपने 10 वर्ष की उम्र तक के बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र में नाम बदलवाने के लिए पहुंच रहे हैं। मूलांक को अपने भाग्य के पक्ष में करने के लिए लोग अपने बच्चों के नाम के पहले और आखिरी अक्षर को बदल रहे हैं। कुछ लोग ज्योतिषियों के बताए अनुसार चुनिंदा अक्षरों को दोगुना करवाने तो कई पूरा नाम बदलने के लिए भी आवेदन कर रहे हैं।
उनका मानना है कि नाम के अक्षरों को बदलने से मूलांक और भाग्यांक बदल जाता है। इन सब के बीच कर्मचारियों के लिए कागजी अड़चनें बढ़ गई हैं। यह बात सिर्फ जन्म प्रमाणपत्र तक ही सीमित नहीं रही बल्कि लोगों को आधार कार्ड और स्कूल समेत सभी पहचानपत्रों में भी नाम बदलवाना पड़ रहा है।



