
पत्नी की शिकायत पर साइबर थाना की पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर भेजा जेल, लगा है ऐसा आरोप कि…
दरभंगा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी की करीब एक वर्ष से तलाश कर रही थी लेकिन वह मुंबई में छुप कर रह रहा था। मुंबई से गांव आते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी पति की पहचान मधुबनी के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर निवासी अंकित कुमार झा के रूप में की गई।
मामले में दरभंगा साइबर थाना के अपर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले आरोपी की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करता है। इसके साथ ही वह कई अन्य महिलाओं की भी आपत्तिजनक फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करता है। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश में जुट गई।
अपर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से मुंबई में रह रहा था लेकिन इधर सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है जिसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फ़िलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है। उन्होंने इस मामले को लेकर अन्य लोगों को भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया का अगर इस तरह से दुरुपयोग किया तो उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अन्य लोगों से भी अपील की कि अगर आप किसी तरह से साइबर क्राइम के शिकार होते हैं तो साइबर थाना की पुलिस से संपर्क करें आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।



