नीरज चोपड़ा इतिहास रचने से चूके… नहीं बचा सके अपना खिताब, वाल्कॉट बने नए वर्ल्ड चैंपियन

नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में निराश किया है. उनके पास खिताब का बचाव करने का मौका था लेकिन वह इससे चूक गए. त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा, अरशद नदीम, एंडरसन पीटर्स और जूलियन वेबर जैसे स्टार खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण पदक जीता. 32 वर्षीय वाल्कॉट ने अपने चौथे प्रयास में 88.16 मीटर की दूरी तय की, जिससे वह शीर्ष पर रहे. पिछली बार के चैंपियन भारत के नीरज चोपड़ा 84.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे, जबकि पाकिस्तान के नदीम 82.75 मीटर की दूरी के साथ फाइनल में दसवें स्थान पर रहे.
नीरज चोपड़ा अपने खिताब का बचाव नहीं कर सके.
भारत के सचिन यादव (Sachin Yadav) ने 86.27 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया, जिससे वे चौथे स्थान पर रहे. 2019 और 2022 में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 87.38 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे. वहीं इस स्पर्धा का कांस्य पदक अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन ने जीता. जिनके भाले ने 86.67 मीटर की दूरी तय की.
वाल्कोट ने अपने पहले प्रयास में 81.22 मीटर दूर भाला फेंका. इसके बाद अगले पांच प्रयासों में उनके भाले ने 87.83 मीटर, 81.65 मीटर, 88.16 मीटर, 85.84 मीटर और 83.00 मीटर की दूरी तय की. दूसरी ओर एंडरसन पीटर्स ने 84.59 मीटर, 87.38 मीटर, 82.83 मीटर, 83.62 मीटर, 84.19 मीटर और 86.26 मीटर के स्कोर दर्ज किए. जर्मनी के वेबर 86.11 मीटर के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे.
नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) अगर अपने खिताब का बचाव करने में सफल हो जाते, तो वह इतिहास में सिर्फ तीसरे एथलीट होते जिसने अपने खिताब का बचाव किया हो.लेकिन भारतीय स्टार इससे चूक गया. इससे पहले, नीरज चोपड़ा ने क्वालिफिकेशन राउंड में पहले थ्रो में 84.85 मीटर दूरी तय कर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया था. लेकिन वह फाइनल में लगातार संघर्ष करते नजर आए.



