नीतीश के इस्तीफा पर पप्पू यादव ने BJP-JDU को चेताया, मांझी ने तो…

नीतीश के इस्तीफा पर पप्पू यादव ने BJP-JDU को चेताया, मांझी ने तो…
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा देने के साथ ही राज्य में सियासत तेज हो गई है। एक तरफ जहां सत्ता पक्ष के नेता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय को व्यक्तिगत और इक्षा का सम्मान करने की बात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ विपक्ष के नेता लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। इतना ही नहीं विपक्ष के कई नेताओं ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की स्थिति में उनके बेटे निशांत कुमार को बिहार की सत्ता सौंपने की भी मांग कर रहे हैं।
इसी कड़ी में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से नीतीश कुमार को अद्वितीय बताया और कहा कि आप नए बिहार के सृजनकर्ता हैं और आपके मार्गदर्शन पर ही बिहार आगे भी चलता रहेगा। आपके जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता है। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया में भोजपुरी में लिखा कि ‘तहरा जईसन केहू नईखें, तू बे-जोड़ बाड़ा हो… आपके मार्गदर्शन से ही बिहार चलेगा नीतीश जी। आप इस नए बिहार के सृजनकर्ता हैं…।’
वहीं दूसरी तरफ पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी भाजपा पर तंज कसा और ठगने की बात कही। पूर्णिया के सांसद ने नीतीश कुमार के बाद उनके बेटे को मुख्यमंत्री बनाये जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने वोट नीतीश कुमार के नाम पर दिया और ऐसे में अगर नेतृत्व बदला जाता है तो फिर यह जनता के साथ धोखा होगा। पप्पू यादव ने साफ शब्दों में नीतीश कुमार को नसीहत दी कि आप अभी बिहार न छोड़ें।



