नितिन नवीन और रेखा गुप्ता ने 500 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली देश की सबसे बड़ी ‘ग्रीन फ्लीट’ बनी

रामलीला मैदान से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और CM रेखा गुप्ता ने 500 नई ईवी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसी के साथ दिल्ली सबसे बड़ी ‘ग्रीन फ्लीट’ वाली राजधानी बन गई है.
दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक और उपलब्धि दर्ज की गई है. रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और CM रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के बेड़े में शामिल किया. इस अवसर पर दिल्ली से पानीपत के बीच अंतरराज्यीय ई-बस सेवा का भी आधिकारिक शुभारंभ किया गया. CM ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इन 500 नई बसों के आगमन के साथ ही दिल्ली अब पूरे देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाला राज्य बन गया है, जो प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है.
वहीं, रामलीला मैदान से 500 नई इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने के साथ ही दिल्ली के बेड़े में ई-बसों की कुल संख्या अब 4,286 हो गई है. इस बड़ी उपलब्धि के साथ दिल्ली ने महाराष्ट्र (4,001 ई-बसें) को पीछे छोड़ते हुए देश में सर्वाधिक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का गौरव हासिल कर लिया है. अब दिल्ली सबसे बड़ी ‘ग्रीन फ्लीट’ वाली राजधानी बन गई है, जो प्रदूषण मुक्त सफर की दिशा में सरकार की एक ऐतिहासिक कामयाबी है.



