Uttarakhand: स्कूलों में कंप्यूटर दे दिए पर बच्चों को बुनियादी सुविधाएं नसीब नहीं, बिजली और पानी का भी संकट.

शिक्षा विभाग के कारनामे भी अजीबोगरीब हैं। विभाग की ओर से अधिकतर राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध करा दिए गए हैं लेकिन शत प्रतिशत स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। 275 स्कूलों में बिजली और 191 में बच्चों के पीने के लिए पानी तक नहीं है।
प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों के बच्चे फर्नीचर न होने से सर्द मौसम में जहां जमीन पर बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। वहीं, पेयजल उपलब्ध न होने से पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। यह हाल तब है जबकि विभाग की ओर से इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को हाईटेक सुविधा के दावे किए जा रहे हैं।
विभाग की एक रिपोर्ट के मुताबिक अल्मोड़ा जिले के 58, बागेश्वर के 14, चमोली के नौ, देहरादून के छह, नैनीताल के 54, पौड़ी जिले के 66, पिथौरागढ़ के 43, टिहरी गढ़वाल के 17 और उत्तरकाशी जिले के आठ स्कूलों में बिजली नहीं है। जबकि अल्मोड़ा के 15, चंपावत के 13, देहरादून के सात, नैनीताल के 43, पौड़ी के 15, पिथौरागढ़ के 89, रुद्रप्रयाग के दो, टिहरी का एक और उत्तरकाशी जिले के छह स्कूलों में बच्चों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है।



